Thursday, October 15, 2020

वक्त बीतता गया

वक्त बीतता गया 
लम्हा दर लम्हा 
मैं कुछ जीतता गया 
कुछ भीतर रीतता गया 

वक्त बीतता गया 
लम्हा दर लम्हा 
मैं कुछ जोड़ता गया
कुछ पीछे छोड़ता गया 

वक्त बीतता गया 
लम्हा दर लम्हा 
मैं कुछ जुटाता गया 
कुछ यूं ही लुटाता गया 

वक्त बीतता गया 
लम्हा दर लम्हा 
मैं कुछ निभाता गया 
कुछ रिश्ते भुलाता गया

वक्त बीतता गया 
लम्हा दर लम्हा 
मैं कुछ अपनाता गया
कुछ मौके ठुकराता गया

वक्त बीतता गया
लम्हा दर लम्हा 
मैं सब को हंसाता गया 
कभी खुद को रुलाता गया 

वक्त बीतता गया 
लम्हा दर लम्हा 
मैं जीवन की बगिया
सींचता गया 
 वक्त बीतता गया 

..... रजनीश (१५.१०.२०२०, गुरुवार)

Monday, October 12, 2020

कुछ बातें इन दिनों की


जिंदगी रुक सी गई है
कदम जम से गए हैं 
एक वायरस के आने से
कुछ  पल थम से गए हैं 

कहीं  कब्र नसीब नहीं होती
कोई रातोरात जलाया जाता है
इंसानियत  शर्मसार होती है
उसे एक खबर बनाया जाता है 

कभी होती  नहीं हैं खबरें 
बनाई  जाती हैं
कभी होती नहीं जैसी
दिखाई जाती हैं 

जिसे समझा था दुश्मन
अल्हड़ बचपन का 
बन गया  लॉकडाउन  में
वो जरिया शिक्षण का

पास आने की चाहत
 पर दूर रहने की जरूरत
 किस ने कह दिया जिंदगी से
 मुसीबतें कम हो गई हैं ?

....रजनीश (१२.१०.२०२०, सोमवार)

Friday, October 2, 2020

मुसीबतें

रोज सोता हूं 
कुछ मुसीबतों को सिरहाने रख 
सुबह उठता हूं 
तो साथ हो लेती हैं मुसीबतें 
कुछ खत्म हो जाती हैं
कुछ नई जुड़ जाती हैं 
कुछ बनी रहती हैं साथ लंबे वक्त तक 
मुसीबतें भी रहा करती हैं 
सांसों , यादों और सपनों के साथ 

 मुसीबतें क्यों है इतनी
 एक जिंदगी में
 पग पग पर मुसीबतें 
 एक खत्म नहीं हुई 
 कि दूसरी शुरू
 जिंदगी जैसे बहता हुआ दरिया नहीं
 बल्कि मुसीबतों का पहाड़ हो
 मुसीबतें कुछ यूं जुड़ी रहती हैं 
 जैसे जनम जनम का नाता हो 
 
 
जिंदगी मिलने में मुसीबत
जिंदगी मिल जाने पर मुसीबत
जिंदगी के साथ मुसीबत
जिंदगी के  बाद मुसीबत

कभी धूप मुसीबत 
तो कभी छांव मुसीबत
कभी जंगल मुसीबत
तो कभी गांव मुसीबत 
 
कभी दिन का ना ढलना मुसीबत 
कभी दिन का ढल जाना मुसीबत
रास्ता ना मिलना एक मुसीबत 
कभी रास्ते का मिल जाना ही मुसीबत

एक मुसीबत हो तो मुसीबत 
कोई मुसीबत ना हो तो भी मुसीबत
मुसीबत हल ना होना एक मुसीबत
कभी मुसीबत का हल भी एक मुसीबत

कभी अकेली होती है मुसीबत
तो कभी उसके साथ सहेली
कभी बिन बुलाए चली आती है
कभी बुलाने से आती है मुसीबत

कभी कुछ मिल जाना मुसीबत 
कभी कुछ खो जाना मुसीबत
कभी साथ मुसीबत 
कभी अकेलापन मुसीबत

कुछ मुसीबतों का एहसास नहीं होता
कुछ मुसीबतों की आदत हो जाती है 
कुछ मुसीबतें जीने नहीं देती 
कुछ मुसीबतें जीना सिखा देती हैं

कुछ मुसीबतें झेल लेते हैं हंसते हंसते
कुछ मुसीबतों  से भागते हैं हम 
कुछ मुसीबतें खुशियां देती हैं
कुछ मुसीबतें रुला देती हैं

क्यूं होती हैं मुसीबतें 
ये सवाल ही एक मुसीबत 
फिर लगता है इतनी मुसीबतें है 
तो कोई मकसद तो होना चहिए इनका 

सोचता हूं ,क्या होता गर मुसीबतें ना होती 
जिंदगी एक मुसीबत बन जाती 
मुसीबत तो सांस लेने में भी है
मुसीबत नहीं तो सांस भी थमी

जीवन क्रिया है मुसीबत प्रतिक्रिया है 
जीवन गति मुसीबत प्रतिरोध है 
सांसों के अलावा जो जरूरी है 
जिंदगी के लिए वो है मुसीबतें
सांसें और मुसीबतें  जैसे चोली दामन 
बिना मुसीबतों के नहीं है जीवन 

नाम बुरा लगता है मुसीबत 
पर मुसीबतें बुरी नहीं 
मुसीबतें जरूरी है जिंदगी के लिए
दरअसल मुसीबत कोई मुसीबत ही नहीं !!

............रजनीश (०२ अक्टूबर, २०२०)

Sunday, September 27, 2020

कलम और वायरस

क्यूं नहीं लिखता आजकल ?
यही सोच रहा हूं 
इन दिनों 
कलम चलते चलते रुक जाती है
खो जाता है लिखने का जज्बा कहीं
खयाल ही खो जाते हैं
एक अजीब सा ठहराव 

जिंदगी तो वैसे ही चल रही है 
जैसे पहले थी 
पर इसके हर रंग  पर 
एक बदरंग परत चढ़ गई है 
हर स्वाद में एक कसैलापन आ गया है
जिंदगी के हर रस्ते में 
हर मोड़ पे , हर चौराहे में  
एक जैसे पत्थर बिखरे पड़े हैं 
हर भाव , हर जज्बात 
एक जगह पर जा के रुक जाते हैं 

वायरस के इस वक्त में 
जिंदगी का मतलब 
वायरस की बस्ती से 
बस किसी तरह बच के निकलना,  हो गया है
जैसे यही एक मकसद है जिंदगी का 

पर बहुत से ऐसे भी हैं 
जिनके लिए पेट और छत का सवाल आज भी है
और वो अपने आप को दांव पर 
आज भी लगा रहे हैं 
अपने पेट के लिए 
भूख हरा देती है वायरस के डर को
मजबूरी और जरूरतों का वायरस 
खतरनाक है कोरोना से भी 

गौर से देखता हूं तो
जिंदगी दिखती है 
अब भी चलते 
जिंदगी के रंग अब भी जिंदा हैं 
पत्थर हैं तो रस्ते भी हैं 
जिंदगी रुकी नहीं 
जिंदगी रुकती नहीं 
फिर कलम क्यूं रुके ?
तो चलने लगती है 
कागज के टुकड़े पर 

साथ जिंदगी के 
लिखना जारी रहेगा बदस्तूर 

…........रजनीश (२७.०९.२०२०, रविवार)




पुनः पधारकर अनुगृहीत करें .....