Wednesday, April 20, 2011

एक अलिखित कविता

DSCN1805
सोचता हूँ
तुम्हें लिख दूँ
एक कविता में,
पर पहली-पहली कुछ लाइनें
मुझसे कोरी ही रह जाएंगी,
और कुछ आखिरी
लाइनें  मैं जानता नहीं
पर इतना जानता हूँ
वो नहीं समाएंगी इस पन्ने में,
और बीच में बस
  पहली और आखिरी
लाइनों की दूरी बयां होगी,
अगर लिखूँ तो
बहुत सी लाइनें तो कटी हुई मिलेंगी तुम्हें
और जो शब्द बच गए
पता नहीं 
कब तक रुकेंगे
लाइनों पर,
बहुत से शब्द तो मेरे पास नहीं
तुमने ही रखे  हैं,
और पन्ना भी
बस एक ही है मेरे पास...
...रजनीश (19.04.11)

Monday, April 18, 2011

साँप-सीढ़ी

DSCN1670
विचारों  की सीढ़ियाँ
सीधी नहीं होतीं,
इनमें फिसलन भी होती है,
पायदानों पर  उगती-टूटती, नयी-पुरानी ,
साथ लगी होती हैं भावों की सीढ़ियाँ ...

ये सीढ़ियाँ एक दूसरे से जुड़ीं,
कुछ ऊपर जातीं,
कहीं कुछ 'पाये' होते ही नहीं,
कुछ पाये बड़े कमजोर होते हैं,
कोई हिस्सा बस हवा में होता है,
कुछ नीचे उतरतीं सीढ़ियाँ ...

कुछ हिस्से दलदल में,
कुछ मजबूती से बंधे जमीं से,
बीच होते हैं साँप भी,
- कुछ छोटे और कुछ बहुत बड़े,
लड़ते  हैं आपस में ये साँप और सीढ़ियाँ

मैं  पासे फेंकता हूँ
और चलता जाता हूँ ,
बस  ऊपर-नीचे होता रहता हूँ ,
क्या करूँ इसके बाहर कूद भी नहीं सकता,
दिन रात उलझाए रहते हैं
मुझे ये साँप और सीढ़ियाँ ....
...रजनीश (18.04.11)

Sunday, April 17, 2011

एक सपने की बात

DSCN6816
सपना तो बस सपना   होता है,
जैसा भी हो ये अपना होता है,
पर जो टूट जाये वो सपना कैसा..
पूरा सच हो जाये वो सपना कैसा..

सपना वही जो सपना ही रहे,
हरकदम जो तुम्हारे संग चले,
ना  टूटे , ना तोड़े , ना पूरा मिले,
साँसे दे तुम्हें, बढ़ाए हौसले..

लगो दिल से  सच करने उसे,
जो  कभी खत्म नहीं होता है,  
इंसानियत से जीना भी,
ऐसा ही सपना होता है ...
...रजनीश (17.04.11)

Tuesday, April 12, 2011

भ्रष्टाचार

DSCN1693
कब किया था भ्रष्टाचार
मैंने पहली बार ?
तब , जब
दूसरा चॉकलेट पाने के लिए
बेमन से गाया था गाना बचपन में,
या तब, जब
झूठ ही 'तबीयत खराब थी' कहकर बचा था
होमवर्क न करने की सज़ा से,
या तब, जब
नज़रें चुराकर
भाई के हिस्से की मिठाई निकाली थी,
या तब , जब
साझे मेँ तोड़ी कुछ इमलियाँ
बिना बंटवारा किए अपनी जेब मेँ डाला था हौले से,
या फिर तब , जब
मिठाई लेने के लिए मैं
चुपचाप लाइन तोड़ आगे घुस गया था,
या फिर तब, जब
दोस्त को बचाया था मीठी गोलियों की एक चोरी मेँ
क्यूंकि वो देता था एक हिस्सा ईमानदारी से ,
या  तब, जब
स्कूल मेँ लैब असिस्टेंट से
खूब मिन्नते की थीं चिल्हर  दिखाकर 
ताकि बताए वो मिश्रण का कंपोजीशन, 
या  तब, जब
बड़ी सफाई से बगल वाले के पत्ते देखकर
जीता था ताश के खेल मेँ ,
या फिर तब , जब
एक प्रश्न का उत्तर
नकल कर लिखा था परीक्षा मेँ,
और भी बहुत कुछ है क्या क्या लिखूँ ?
पता नहीं,    
पर लगता है तभी किया होगा कहीं,
बचपन मेँ ही
भ्रष्टाचार पहली बार ...
...रजनीश (11.04.2011)
पुनः पधारकर अनुगृहीत करें .....