Showing posts with label गणित. Show all posts
Showing posts with label गणित. Show all posts

Wednesday, October 28, 2020

जरूरतों का गणित

जिंदगी अकेली नहीं
जिंदगी की साथी है जरूरत
चोली दामन का साथ 
कुछ ऐसा है जैसे 
जिंदगी का दूसरा नाम है जरूरत 

जिंदगी के लिए जिंदा रहना जरूरी है 
जिंदा रहने के लिए बहुत कुछ जरूरी है 
जरूरतों के बिना जिंदगी नहीं 
जिंदगी है तो जरूरी है जरूरत 

जिंदगी एक पहेली है ठीक वैसी
जैसा है जरूरतों का हिसाब किताब 
जरूरतों का गणित 
कितना अजीब है 
जरूरतों का जाल 
जिंदगी का नसीब है 

जरूरतों का जोड़ - घटाव 
जरूरतों का गुणा - भाग 
किताबों में वर्णित नहीं 
जरूरतों का सीधा - सीधा गणित नहीं 

एक जरूरत , 
जरूरत ही नहीं रह जाती 
जब कोई और 
जरूरत आ जाती है 
जिसकी कभी जरूरत ही नहीं थी 
वो कभी पहली जरूरत 
बन जाती है 

एक जरूरत में 
दूसरी जरूरत मिल जाने से 
जरूरत ही खत्म हो जाती है 
कभी कई जरूरतों को 
आपस में जोड़ने से 
एक जरूरत बन जाती है 

जरूरतें पूरी भी होती हैं 
पर जरूरतें खत्म नहीं होतीं
जरूरतें थोड़ी भी लगें तो 
जरूरतें कम नहीं होतीं
 जरूरतों की कीमत होती हैं 
 कुछ जरूरतें बेशकीमती होती हैं

जरूरतों को जानना होता है
कुछ जरूरतों को भुलाना होता है 
जरूरतों को मानना होता है 
कुछ जरूरतों को मनाना होता है 

गणित में 
एक तरफ शून्य होता है 
दूसरी तरफ अनंत 
एक तरफ कुछ नहीं 
दूसरी तरफ सब कुछ पूर्ण 
पर जरूरत का सिद्धांत 
तो अपूर्णता का सिद्धांत है 
क्यूंकि जरूरतें अनंत है  
पर जरूरतें अपूर्ण हैं 
अनंत भी हैं और अपूर्ण भी हैं

जब तक जिंदगी है 
जरूरतें अपूर्ण ही रहती हैं 
जरूरतें ख़तम 
तो जिंदगी ख़तम 

जिंदगी और जरूरत 
दोनों को एक दूसरे की जरूरत है 
एक समीकरण है 
दोनों के बीच 
जिसका हल मिलता नहीं 
गणित की किताबों में

.....रजनीश ( २८.१०.२०२०, बुधवार)

पुनः पधारकर अनुगृहीत करें .....